अरुणाचल में शिक्षक बना ‘भक्षक’, 4 मासूम छात्राओं से दुष्कर्म; ऐसे खुला राज
अरुणाचल प्रदेश के नाहरलागुन में एक ट्यूशन टीचर पर कक्षा एक की चार छात्राओं के साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। यह घटना तब सामने आई जब पीड़ित छात्राओं के अभिभावकों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी मिलो तकर को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना नाहरलागुन के G-सेक्टर में आरोपी के किराए के घर में हुई।
पुलिस के अनुसार, नाहरलागुन पुलिस स्टेशन में रविवार रात करीब 9:15 बजे एक मौखिक रिपोर्ट मिली। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया कि कक्षा 1 की चार छात्राओं के साथ ट्यूशन टीचर ने दुष्कर्म किया। रिपोर्ट मिलने पर सब-इंस्पेक्टर एस. दिरची की लीडरशिप में एक पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई की और आरोपी को हिरासत में ले लिया। आरोपी की पहचान 35 वर्षीय मिलो तकर के रूप में हुई है, जो लोअर सुबनसिरी जिले के बुला गांव का रहने वाला है।
आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए मामले को ईटानगर के महिला पुलिस स्टेशन को सौंप दिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि आरोपी पर प्रोटेक्शन ऑफ चिल्ड्रन फ्रॉम सेक्सुअल ऑफेंस (POCSO) एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा चलाया जाएगा। फिलहाल मामले की आगे की जांच जारी है।
