अलीगढ़ में बेटों ने धोखे से हड़पी 45 बीघा जमीन, वृद्ध पिता को कड़कड़ाती ठंड में घर से निकाला
अलीगढ़ के हरदुआगंज थाना क्षेत्र के अलहदादपुर गांव में मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां तीन बेटों और उनकी पत्नियों पर अपने वृद्ध पिता को संपत्ति के लालच में घर से निकालने का आरोप लगा है। पीड़ित पिता मनोजपाल सिंह ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को शिकायत दी है कि उनके बेटों ने धोखे से उनकी पैतृक जमीन अपने नाम करा ली और अब उन्हें कड़कड़ाती ठंड में घर से बाहर निकाल दिया गया है।
धोखे से कराई जमीन की लिखा-पढ़ी
शिकायत के अनुसार, वृद्ध मनोजपाल सिंह के नाम पर 45 बीघा जमीन और एक मकान पैतृक संपत्ति के रूप में मौजूद है। उनके पांच पुत्र हैं, जिनमें से तीन गांव में रहते हैं। वृद्ध ने बताया कि गांव में रहने वाले तीनों बेटों ने 15 सितंबर को उन्हें बहला-फुसलाकर तहसील ले गए। बेटों ने कहा कि वे पास के गांव भटौला में और जमीन खरीदकर उनके नाम कराना चाहते हैं। अनपढ़ होने के कारण वृद्ध पिता अपने बेटों की चालबाजी को समझ नहीं पाए और तहसील में कागजात पर हस्ताक्षर कर दिए।
जमीन हड़पने के बाद दुर्व्यवहार
तहसील में लिखा-पढ़ी होने के कुछ दिनों बाद ही बेटों और पुत्रवधुओं ने वृद्ध पिता के साथ दुर्व्यवहार करना शुरू कर दिया। हाल ही में उन्होंने गाली-गलौज करते हुए वृद्ध को घर से बाहर निकाल दिया। बेटों ने धमकी दी कि अब सारी संपत्ति उनके नाम है और दोबारा घर में घुसने की कोशिश करने पर जान से मार दिया जाएगा।
एसएसपी ने दिए जांच के आदेश
पीड़ित वृद्ध मनोजपाल सिंह ने एसएसपी से गुहार लगाते हुए कहा कि बेटों ने धोखे से उनकी संपत्ति हड़प ली है और अब उन्हें जान का खतरा है। उन्होंने पुलिस से सुरक्षा और न्याय की मांग की। एसएसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना बन्नादेवी पुलिस को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
