सोरों में महाशिवरात्रि ‘Kanwar Yatra’ पर असर, MP से कम पहुंचे श्रद्धालु
तीर्थ नगरी सोरों में महाशिवरात्रि के कांवड़ मेले में इस बार मध्य प्रदेश के शिवपुरी, भिंड, गुना और मुरैना क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में कमी आई है। स्थानीय दुकानदारों के अनुसार, भीषण सर्दी, कोहरा और विवाह समारोहों के कारण श्रद्धालुओं की आमद कम हुई है। इससे मेले में दुकानदारों के कारोबार पर असर पड़ा है। इन क्षेत्रों से हर साल 5,000 से अधिक श्रद्धालु कांवड़ भरने आते थे, लेकिन इस बार संख्या काफी कम है।
दुकानदारों ने बताया कि इस बार मौसम के बदलाव, सर्दी और कोहरे की वजह से श्रद्धालु कांवड़ भरने आने में झिझक रहे थे। कोहरे के समय कांवड़ भरकर ले जाने में दुर्घटना की संभावना रहती है। दुकानदारों की नजर अब आठ दिन तक चलने वाले कांवड़ मेला पर है। इस दौरान दुकानदारों को अच्छी बिक्री की उम्मीद है।
शुक्रवार को मध्य प्रदेश के शिवपुरी क्षेत्र के श्रद्धालु कंधों पर कांवड़ रखकर कतारबद्ध अपने गृह क्षेत्रों की ओर जाते दिखे। मथुरा-बरेली हाईवे पर बम-बम भोले की जयघोष के साथ आगे बढ़ रहे श्रद्धालुओं ने बताया कि सोरों के लहरा से अपने क्षेत्रों तक 10 दिन पैदल यात्रा करके पहुंचेंगे। महाशिवरात्रि पर अपने गृह क्षेत्रों में स्थित मंदिरों में भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे। लहरा घाट पर कांवड़ भरने आने वालों में महिलाएं भी पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कांवड़ भरकर ले जा रही हैं।
