गुरुग्राम में प्रदूषण का असर, सरकारी दफ्तरों का समय बदला; निजी कंपनियों को WFH की सलाह (Gurugram news)
गुरुग्राम में वायु प्रदूषण के गंभीर स्तर को देखते हुए जिला प्रशासन ने ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP) के चौथे चरण के तहत बड़ा कदम उठाया है। डीसी अजय कुमार ने आदेश जारी कर सरकारी कार्यालयों के समय में बदलाव किया है। यह निर्णय वायु गुणवत्ता में सुधार लाने और सड़कों पर वाहनों की भीड़भाड़ को कम करने के उद्देश्य से लिया गया है।
नए आदेशों के अनुसार, राज्य सरकार के अधीन आने वाले कार्यालयों का समय सुबह 9:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक निर्धारित किया गया है। वहीं, नगर निगम गुरुग्राम, मानेसर, सोहना, पटौदी मंडी और फरुखनगर के कार्यालय सुबह 8:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक संचालित होंगे। यह नई समय सारणी ग्रेप-4 की अवधि तक प्रभावी रहेगी।
इसके अलावा, निजी संस्थानों के लिए भी एडवाइजरी जारी की गई है। प्रशासन ने निजी कंपनियों को अगले आदेश तक ‘वर्क फ्रॉम होम’ (WFH) अपनाने की सलाह दी है। एडवाइजरी में कहा गया है कि निजी कार्यालय 50% क्षमता के साथ काम करें और शेष कर्मचारियों को WFH की अनुमति दें। यह कदम प्रदूषण नियंत्रण के लिए आवश्यक है।
