0

लद्दाख में जलवायु परिवर्तन का असर, Zanskar River पर Chadar Trek रद्द

By Jan 26, 2026

लद्दाख में जंस्कार नदी पर होने वाले प्रसिद्ध चादर ट्रैक को इस साल के लिए रद्द कर दिया गया है। लेह जिला प्रशासन ने जनवरी के दूसरे पखवाड़े में भी नदी का पानी नहीं जमने के कारण यह फैसला लिया है। प्रशासन ने स्थानीय टूर और ट्रैवल ऑपरेटरों को तत्काल प्रभाव से सभी ट्रैकिंग गतिविधियों को रोकने का निर्देश दिया है।

माना जा रहा है कि पिछले कुछ सालों से जलवायु परिवर्तन के कारण निर्धारित समय में जंस्कार नदी में बर्फ नहीं जम रही है। इस साल भी तापमान में वृद्धि के कारण नदी पर ट्रैकिंग के लिए आवश्यक मोटी बर्फ की परत नहीं बन पाई है। प्रशासन ने पर्यटकों और ट्रैकरों को भी हिदायत दी है कि वे जंस्कार नदी में ट्रैकिंग न करने के निर्देशों का पालन करें।

प्रशासन के इस आदेश से स्थानीय टूर ऑपरेटरों में निराशा है, जिन्होंने इस बार Chadar Trek के लिए बड़ी उम्मीदें लगाई थीं। आल लद्दाख टूर ऑपरेटर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि कई पर्यटक इस ट्रैक के लिए योजना बनाकर लेह पहुंच चुके थे। सामान्य तौर पर जनवरी के दूसरे पखवाड़े में यह ट्रैक शुरू हो जाता था, लेकिन इस बार मौसम ने साथ नहीं दिया।

लद्दाख पुलिस, डिजास्टर रिस्पांस फोर्स और पर्यटन विभाग के अधिकारियों की संयुक्त टीम ने जंस्कार नदी की दो बार रैकी की थी। रैकी करने वाली टीम ने दोनों बार जिला प्रशासन को अपनी रिपोर्ट में स्पष्ट किया था कि नदी पर ट्रैकिंग करना असुरक्षित है। नदी के किनारों पर कुछ जगहों पर केवल दो से तीन फुट बर्फ ही जमी थी, जो ट्रैकिंग के लिए पर्याप्त नहीं है।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें