IGX IPO: अब गैस एक्सचेंज के भी शेयर खरीद सकेंगे निवेशक, जल्द आएगा आईपीओ; बोर्ड ने दी मंजूरी
इंडियन एनर्जी एक्सचेंज (आईईएक्स) ने बुधवार को घोषणा की कि उसकी सहायक कंपनी इंडियन गैस एक्सचेंज (आईजीएक्स) जल्द ही आईपीओ के माध्यम से सार्वजनिक रूप से सूचीबद्ध होगी। आईईएक्स ने शेयर बाजार को दी गई सूचना में बताया कि आईजीएक्स लिमिटेड के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने 2 दिसंबर 2025 को हुई बैठक में आईपीओ प्रक्रिया शुरू करने को मंजूरी दे दी है। यह आईपीओ मौजूदा और पात्र शेयरधारकों द्वारा ऑफर फॉर सेल (ओएफएस) के माध्यम से लाया जाएगा।
हालांकि, कंपनी ने आईपीओ के आकार या समय के संबंध में कोई विवरण साझा नहीं किया है। आईपीओ लाने का अंतिम निर्णय बाजार की स्थितियों, नियामक मंजूरियों और अन्य आवश्यक विचारों पर निर्भर करेगा। आईजीएक्स को 2020 में लॉन्च किया गया था, जिसका उद्देश्य प्राकृतिक गैस की स्पॉट और फॉरवर्ड ट्रेडिंग के लिए एक पारदर्शी और कुशल बाजार प्रदान करना था। इसके फिजिकल डिलीवरी हब दहेज, हजीरा और काकीनाडा में स्थित हैं।
यह कदम निवेशकों को एनर्जी एक्सचेंज की तरह ही गैस एक्सचेंज के शेयरों में भी निवेश करने का मौका देगा। कंपनी ने कहा है कि वह सभी महत्वपूर्ण घटनाक्रमों के बारे में शेयर बाजार को अपडेट करती रहेगी।
