श्रावस्ती में भीषण सड़क हादसा, 5 मजदूर घायल; बौद्ध परिपथ पर हुआ बड़ा Shravasti accident
श्रावस्ती जिले के इकौना क्षेत्र में बौद्ध परिपथ पर एक बड़ा सड़क हादसा हुआ है। लोहारनपुरवा गांव के पास एक कार और मैजिक वाहन की टक्कर में पांच भट्ठा मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में दो की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिन्हें तत्काल बहराइच मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, ये मजदूर सिद्धार्थनगर के बहादुरगंज स्थित एक भट्ठे पर काम करते थे। ये सभी बहराइच जिले के रामगांव क्षेत्र के निवासी हैं और मैजिक वाहन से अपने गांव वापस लौट रहे थे। वाहन में कुल 16 मजदूर सवार थे।
लोहारनपुरवा गांव के निकट सामने से आ रही एक स्विफ्ट कार से मैजिक वाहन की टक्कर हो गई, जिससे मैजिक वाहन पलट गया। हादसे में मैजिक चालक सोनू समेत पांच मजदूर घायल हुए।
सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया। चिकित्सकों ने वसीम और सोनू की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बहराइच मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर सड़क पर यातायात बहाल किया।
