Kasganj में भीषण सड़क हादसा, ऑटो से गिरे शख्स को ट्रक ने कुचला, मौके पर मौत
उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले में बुधवार रात एक भीषण सड़क हादसे में 40 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। यह घटना ढोलना थाना क्षेत्र में हुई, जहां एक तेज रफ्तार ट्रक ने ऑटो को टक्कर मार दी, जिससे ऑटो में सवार यात्री सड़क पर गिर गया और ट्रक के पहियों के नीचे आ गया।
पुलिस के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ जब एक ऑटो कासगंज से ढोलना की ओर जा रहा था। पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने ऑटो को टक्कर मार दी। टक्कर के कारण ढोलना के नगला खंगार निवासी गोपाल (40) ऑटो से नीचे गिर गए। इससे पहले कि वह संभल पाते, उसी ट्रक ने उन्हें कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही ढोलना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना को अंजाम देने वाले ट्रक को जब्त कर लिया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
