कानपुर देहात में भीषण सड़क हादसा, ट्रक से टकराई कार; ओडिशा के दंपति समेत 4 घायल
कानपुर देहात के अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। कानपुर-इटावा हाईवे पर मोहम्मदपुर गांव के पास तेज रफ्तार कार आगे जा रहे ट्रक से टकरा गई। इस हादसे में कार में सवार ओडिशा के एक दंपति समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल इलाज के लिए अकबरपुर मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।
हादसे के शिकार हुए लोग ओडिशा के कटक जिले के महमूदपुर के रहने वाले हैं। 30 वर्षीय खिरोद प्रसन्ना नायक अपने परिवार के साथ अयोध्या दर्शन के लिए गए थे और वहां से वापस नई दिल्ली जा रहे थे। सुबह के समय जब वे अकबरपुर क्षेत्र से गुजर रहे थे, तभी आगे चल रहे ट्रक चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। इससे पीछे आ रही कार अनियंत्रित होकर ट्रक से जा टकराई।
दुर्घटना में खिरोद प्रसन्ना नायक, उनकी 26 वर्षीय पत्नी जयश्री, रिश्तेदार राज श्री (28) और उनका दो साल का बेटा प्रियांश घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर अकबरपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को कार से बाहर निकाला और उन्हें मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। अकबरपुर कोतवाल हरमीत सिंह ने बताया कि दुर्घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है और परिजनों की तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
