अलीगढ़ में भीषण Road Accident, बाइक सवार एक ही परिवार के चार लोग घायल
अलीगढ़ के अकराबाद क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। नेशनल हाईवे पर गोपी चांदपुर के पास एक तेज रफ्तार पिकअप ने पीछे से बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक पर सवार एक ही परिवार के चार सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें तीन बच्चे शामिल हैं।
हादसे के शिकार हुए लोग हाथरस के सिकंदराराऊ निवासी हैं। रहीश नाम का व्यक्ति अपनी बेटी सुमाया के अलीगढ़ स्थित घर से अपने बेटे और बच्चों के साथ वापस सिकंदराराऊ लौट रहा था। तभी गोपी चांदपुर के पास यह हादसा हुआ।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार रहीश, रिहान, इनाया और इनायत गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। बताया जा रहा है कि रहीश की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने पिकअप वाहन की पहचान कर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
