चित्रकूट में भीषण हादसा: खाई में गिरी अनियंत्रित कार, दंपती समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल
चित्रकूट में भरतकूप-खोही मार्ग पर सोमवार दोपहर भरथौल पेट्रोल पंप के पास एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर 10 फीट नीचे खाईं में जा गिरी। यह हादसा उस समय हुआ जब मध्य प्रदेश के सतना जिले का एक परिवार बांदा में वैवाहिक कार्यक्रम से लौट रहा था। कार की रफ्तार 80 किमी प्रति घंटा से अधिक थी, जिसके कारण चालक सुनील कुमार का संतुलन बिगड़ गया और कार खाई में पलट गई।
हादसे में कार सवार 35 वर्षीय सुनील कुमार, उनकी 30 वर्षीय पत्नी रानी, आठ वर्षीय बेटी नैंसी, छह वर्षीय बेटे यश और 29 वर्षीय दोस्त दुर्गेश गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को सिर व हाथ-पैर में गंभीर चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को खाई से बाहर निकाला गया और एंबुलेंस से शिवरामपुर सीएचसी भेजा गया।
प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने सभी पांचों घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
