मैनपुरी में एकतरफा प्यार का खौफनाक अंजाम, छात्र ने टीचर के होंठ काटे; ‘mainpuri crime news’
उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले में एकतरफा प्यार के सनक ने एक छात्र को हैवान बना दिया। 12वीं कक्षा के एक छात्र ने अपनी शिक्षिका पर धारदार हथियार से हमला कर दिया और उनके दोनों होंठ काटकर अलग कर दिए। शिक्षिका को गंभीर हालत में आगरा रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। यह घटना तब हुई जब शिक्षिका ने छात्र की लगातार छेड़छाड़ और पीछा करने से परेशान होकर स्कूल बदल लिया था।
जानकारी के अनुसार, शिक्षिका पहले आगरा रोड स्थित एक निजी स्कूल में पढ़ाती थीं। इसी स्कूल में 12वीं का छात्र अखंड प्रताप सिंह उन पर बुरी नजर रखता था और अश्लील हरकतें करता था। शिक्षिका ने इसकी शिकायत छात्र के माता-पिता से भी की थी, जिन्होंने आश्वासन दिया था कि छात्र सुधर जाएगा। हालांकि, छात्र की हरकतों में कोई बदलाव नहीं आया।
छात्र की हरकतों से तंग आकर शिक्षिका ने वह स्कूल छोड़ दिया और ज्योति रोड स्थित दूसरे स्कूल में पढ़ाना शुरू कर दिया। लेकिन आरोपी अखंड प्रताप ने उनका पीछा नहीं छोड़ा। वह नए स्कूल के रास्ते में भी उन्हें रोककर परेशान करने लगा और अनैतिक संबंध बनाने का दबाव डालने लगा। 20 जनवरी को जब शिक्षिका ट्यूशन पढ़ाने जा रही थीं, तो अखंड ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। विरोध करने पर उसने धारदार हथियार से शिक्षिका के चेहरे पर हमला कर दिया और क्रूरता से उनके दोनों होंठ काट डाले।
घटना के बाद शिक्षिका को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उनकी नाजुक हालत को देखते हुए आगरा रेफर कर दिया गया। शिक्षिका के भाई की शिकायत पर कोतवाली में आरोपी अखंड प्रताप के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस टीमें आरोपी छात्र की तलाश में जुटी हैं और जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही हैं।
