Honda Amaze को भारत NCAP में 5-स्टार रेटिंग, सुरक्षा में अव्वल
नई दिल्ली। होंडा की लोकप्रिय कॉम्पैक्ट सेडान Amaze ने भारत NCAP (New Car Assessment Programme) क्रैश टेस्ट में अपनी सुरक्षा का लोहा मनवाया है। इस कार ने हाल ही में संपन्न हुए टेस्ट में 5-स्टार सेफ्टी रेटिंग हासिल की है, जो इसे सेगमेंट में सबसे सुरक्षित कारों में से एक बनाती है। यह रेटिंग कार की मजबूती और यात्रियों की सुरक्षा के प्रति कंपनी की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
भारत NCAP के नवीनतम क्रैश टेस्ट रिपोर्ट के अनुसार, Honda Amaze ने वयस्क यात्री सुरक्षा (Adult Occupant Protection – AOP) और बाल यात्री सुरक्षा (Child Occupant Protection – COP) दोनों श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। एडल्ट ऑक्यूपेंट प्रोटेक्शन में Amaze ने 32 में से 28.33 अंक प्राप्त किए, जबकि चाइल्ड ऑक्यूपेंट प्रोटेक्शन में इसे 49 में से 40.81 अंक मिले हैं। ये स्कोर बताते हैं कि टक्कर की स्थिति में कार यात्रियों को कितनी प्रभावी सुरक्षा प्रदान करती है।
रिपोर्ट के अनुसार, फ्रंटल ऑफसेट डिफॉर्मेबल बैरियर टेस्ट में कार ने 16 में से 14.33 अंक हासिल किए, वहीं साइड मूवेबल डिफॉर्मेबल बैरियर टेस्ट में इसे 16 में से 14 अंक मिले। इन परीक्षणों में कार ने फ्रंट और साइड इम्पैक्ट, दोनों ही स्थितियों में यात्रियों को मजबूत सुरक्षा प्रदान की। साइड हेड कर्टन एयरबैग्स का होना इस सेगमेंट की कारों में सुरक्षा के लिहाज से एक महत्वपूर्ण पहलू है।
बच्चों की सुरक्षा के मामले में भी Honda Amaze का प्रदर्शन सराहनीय रहा। डायनामिक टेस्ट में कार ने 24 में से 23.81 अंक और CRS (Child Restraint System) इंस्टॉलेशन टेस्ट में 12 में से पूरे 12 अंक प्राप्त किए। कार में दूसरी पंक्ति में ISOFIX एंकर दिए गए हैं, जो i-Size-कम्पैटिबल चाइल्ड रेस्ट्रेंट सिस्टम को सपोर्ट करते हैं। 18 महीने और 3 साल के बच्चों के डमी पर किए गए टेस्ट में कार ने अत्यधिक स्थिरता और सुरक्षा प्रदान की, खासकर फ्रंट और साइड इम्पैक्ट में।
भारत NCAP रेटिंग के लिए Honda Amaze के V MT / V CVT, VX MT / VX CVT, और ZX MT / ZX CVT वेरिएंट का परीक्षण किया गया था। कंपनी ने इन सभी वेरिएंट्स में समान सुरक्षा फीचर्स को स्टैंडर्ड के तौर पर शामिल किया है।
सभी वेरिएंट्स में स्टैंडर्ड सुरक्षा फीचर्स के तौर पर 6 एयरबैग, एंटी-लॉक ब्रेकिंग सिस्टम (ABS) और इलेक्ट्रॉनिक ब्रेकफोर्स डिस्ट्रीब्यूशन (EBD), इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल (ESC), टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम (TPMS), हिल स्टार्ट असिस्ट, फ्रंट और रियर पार्किंग सेंसर और ISOFIX चाइल्ड सीट एंकर जैसी सुविधाएं मिलती हैं। इसके अलावा, हाई-एंड वेरिएंट्स में ब्लाइंड व्यू मॉनिटर, लेवल 2 ADAS (एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम), एडेप्टिव क्रूज कंट्रोल, लेन कीप असिस्ट, हाई बीम असिस्ट, ऑटोनोमस इमरजेंसी ब्रेकिंग और 360 डिग्री कैमरा जैसे उन्नत फीचर्स भी दिए गए हैं।
भारत में तीसरे जनरेशन की Honda Amaze की एक्स-शोरूम कीमत 7.41 लाख रुपये से 10 लाख रुपये के बीच है। यह कार भारतीय बाजार में Hyundai Aura, Maruti Dzire और Tata Tigor जैसी कारों को टक्कर देती है।
