हॉलीवुड डायरेक्टर रॉब रेनर की हत्या, बेटे निक रेनर पर लगा माता-पिता को मारने का आरोप
हॉलीवुड के प्रसिद्ध निर्देशक रॉब रेनर और उनकी पत्नी मिशेल सिंगर की लॉस एंजिल्स स्थित उनके घर में 14 दिसंबर को हत्या कर दी गई। TMZ की रिपोर्ट के अनुसार, दोनों के शवों पर चाकू के कई घाव थे, जिससे यह मामला हत्या का प्रतीत होता है। यह घटना लॉस एंजिल्स के ब्रेंटवुड इलाके में हुई।
लॉस एंजिल्स पुलिस विभाग की रॉबरी-होमिसाइड डिवीजन मामले की जांच कर रही है। हालांकि अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है, लेकिन मीडिया रिपोर्ट्स में रॉब रेनर के बेटे निक रेनर को मुख्य संदिग्ध बताया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने अभी तक आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं की है।
निक रेनर का जन्म 14 सितंबर 1993 को हुआ था। रिपोर्ट्स के अनुसार, वह किशोरावस्था से ही ड्रग्स की लत से जूझ रहे थे और कई बार पुनर्वास केंद्रों में उनका इलाज हुआ। उन्होंने अपने पिता के साथ ‘बीइंग चार्ली’ नामक फिल्म के लिए पटकथा लेखक के रूप में भी काम किया था, जो उनकी अपनी लत की कहानी पर आधारित थी।
निक रेनर ने एक साक्षात्कार में स्वीकार किया था कि बचपन में उनके और उनके पिता रॉब रेनर के बीच बहुत करीबी रिश्ता नहीं था। पेज सिक्स और टीएमजेड की रिपोर्ट्स के अनुसार, निक रेनर को हिरासत में लिया गया है, लेकिन पुलिस ने अभी तक गिरफ्तारी की ठोस पुष्टि नहीं की है। जांच जारी है और सच्चाई सामने आना बाकी है।
