Himachal News: बस अड्डों की निगरानी अब डिजिटल, लॉन्च हुआ एसेट मैनेजमेंट एप्लिकेशन
हिमाचल प्रदेश में अब बस अड्डों के संचालन, रख-रखाव और परिसंपत्तियों की निगरानी डिजिटल तरीके से की जाएगी। इसके लिए बस अड्डा प्रबंधन एवं विकास प्राधिकरण ने ‘एसेट मैनेजमेंट एप्लिकेशन’ को लॉन्च किया है। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने प्रदेश सिटी ट्रांसपोर्ट और बस अड्डा प्रबंधन एवं विकास प्राधिकरण की बैठक में इस एप्लिकेशन का शुभारंभ किया।
इस नई डिजिटल प्रणाली से बस अड्डों के प्रबंधन में पारदर्शिता और प्रभावशीलता आएगी। उप मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश भर के बस अड्डों पर 410 दुकानें किराए पर आवंटित हैं, जिनसे हर माह 45 लाख रुपये की आय होती है। बैठक में ठियोग बाजार में शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, मंडी बस अड्डे में कार पार्किंग और मल्टीपर्पज हॉल के निर्माण का भी निर्णय लिया गया।
इसके अतिरिक्त, उप-मुख्यमंत्री ने थुनाग, दाड़लाघाट, हमीरपुर, बैजनाथ, भोरंज, फतेहपुर, बिलासपुर, जयसिंहपुर और चंबा के बस अड्डों के निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। बद्दी में नए बस अड्डों की टेंडर प्रक्रिया को भी शीघ्र पूरा करने को कहा गया है। इन परियोजनाओं को समय पर पूरा करने का लक्ष्य है ताकि आम जनता को इनका लाभ मिल सके।
