हिमाचल बिजली बोर्ड कर्मचारियों को मिलेगा 50% एरियर, CM सुक्खू ने दी मंजूरी
हिमाचल प्रदेश बिजली बोर्ड के कर्मचारियों को संशोधित ग्रेड पे के 50% एरियर का भुगतान किया जाएगा। इस निर्णय से राज्य बिजली बोर्ड प्रबंधन पर लगभग 9 करोड़ रुपये का अतिरिक्त वित्तीय बोझ पड़ेगा। यह लाभ बोर्ड के 700 से अधिक उन कर्मचारियों को मिलेगा जिन्होंने इस विकल्प को चुना था।
यह एरियर भुगतान 1 जनवरी 2016 से 12 अप्रैल 2022 तक की अवधि के लिए देय वेतन संशोधन पर लागू होगा। एरियर भुगतान से संबंधित अन्य नियम और शर्तें पूर्ववत ही रहेंगी। जिन कर्मचारियों ने संशोधित वेतनमान में तीसरा विकल्प (15% का) चुना था, वे इस लाभ के लिए पात्र होंगे। इसमें तकनीकी और कार्यालयीन कर्मचारियों के साथ-साथ एएलएम, इलेक्ट्रीशियन, लाइनमैन, एसएसए, जनरेशन विंग और मिनिस्ट्रियल कैडर के कर्मचारी भी शामिल हैं।
हाल ही में, विद्युत तकनीकी कर्मचारी संगठन ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से मुलाकात की थी। इस दौरान, संगठन ने कार्यसमिति में पारित चार प्रस्ताव मुख्यमंत्री के समक्ष रखे। विशेष रूप से, आईटीआई और नॉन-आईटीआई कर्मचारियों की पदोन्नति में आ रही बाधाओं को दूर करने की मांग की गई है।
