उन्नाव में दिल दहला देने वाली घटना: खेलते समय नाली में गिरी 3 साल की बच्ची, दम घुटने से मौत
उन्नाव जिले के बेहटामुजावर क्षेत्र के गौरिया कला गांव में शनिवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई। सुनील की तीन वर्षीय बेटी संध्या घर के बाहर खेल रही थी। उसकी मां प्रिया और दादी सावित्री घर के कामों में व्यस्त थीं। खेलते-खेलते संध्या घर के बाहर बनी नाली के किनारे पहुंच गई और अचानक उसमें गिर गई। काफी देर तक बच्ची की आवाज न आने पर परिवार को चिंता हुई। उन्होंने बाहर आकर देखा तो बच्ची कहीं नजर नहीं आई।
स्वजनों ने तुरंत आसपास खोजबीन शुरू की। कुछ ही देर में बच्ची नाली में औंधे मुंह पड़ी मिली। स्वजनों ने चीखते हुए उसे बाहर निकाला और जीवित समझकर तुरंत सीएचसी बांगरमऊ ले गए। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद बच्ची को मृत घोषित कर दिया। बच्ची दो बहनों में छोटी थी और उसकी मौत से पूरा परिवार सदमे में है। एसओ मुन्ना कुमार ने बताया कि परिवार ने पुलिस को घटना की कोई सूचना नहीं दी है।
