0

सोनभद्र में दिल दहला देने वाली घटना: चारपाई पर सो रहे 70 वर्षीय बुजुर्ग की जलकर मौत, संदिग्ध परिस्थितियों में हुई वारदात

By Dec 16, 2025

सोनभद्र के चोपन थाना क्षेत्र के पनारी ग्राम पंचायत के टोला चैना में सोमवार की रात चारपाई पर सो रहे 70 वर्षीय बलिराम की संदिग्ध परिस्थितियों में जलकर मौत हो गई। स्वजन के अनुसार उन्हें मंगलवार की सुबह वृद्ध के मौत की जानकारी हुई। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

चैना टोला निवासी बलिराम सोमवार की रात परिवार वालों के साथ खाना खाने के बाद सोने चले गए। उनकी पत्नी बबनी देवी और पुत्र मुरारी ने बताया कि रात में खाना खाने के बाद बलिराम बरामदे में सोने गए। उनके चारपाई से कुछ दूरी पर आग जली हुई थी। वह प्रतिदिन खाना खाने के बाद आग तापते थे और फिर सोने जाते थे। वह बरामदे में सोए, जबकि पत्नी अंदर कमरे में सोने चली गई और पुत्र मुरारी व उसकी पत्नी अपने कमरे में सोने चले गए।

बबनी का कहना है कि मंगलवार की सुबह जब वह सोकर उठी तो देखा कि चारपाई, गद्दा, रजाई और बिस्तर जल गया है। पति की उसी में जलकर मौत हो गई है। वृद्ध के शरीर का आधा से अधिक का हिस्सा जल गया है। यह देख पत्नी ने शोर मचाया तो बेटा और बहू भी मौके पर पहुंच गए। फिर चीख पुकार सुनकर ग्रामीणों की भीड़ लग गई।

पत्नी और पुत्र का कहना है कि रात में कब यह घटना हुई उन्हें नहीं पता चला। इसी बीच किसी ने मामले की जानकारी चोपन थाना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है। क्षेत्रीय लेखपाल को भी मामले की सूचना दी गई है। चोपन थाना प्रभारी निरीक्षक कुमुद शेखर सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और उचित कार्रवाई की जाएगी।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें