जमशेदपुर में Fake Doctors की मौजूदगी पर स्वास्थ्य विभाग का एक्शन, जांच के आदेश
जमशेदपुर के अस्पतालों में नकली डॉक्टरों की मौजूदगी की सूचना के बाद स्वास्थ्य विभाग ने जांच के आदेश दिए हैं। यह कदम शहर के स्वास्थ्य संस्थानों में अवैध चिकित्सा पद्धतियों पर अंकुश लगाने की दिशा में उठाया गया है।
निदेशक प्रमुख डॉ. सिद्धार्थ सान्याल ने सभी सिविल सर्जनों, मेडिकल कॉलेजों के प्राचार्यों और अस्पताल अधीक्षकों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने संस्थानों में कार्यरत डॉक्टरों की शैक्षणिक योग्यता, पंजीकरण और एफएमजीई प्रमाणपत्रों की गहन जांच करें। किसी भी स्तर पर गड़बड़ी या संदेह पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई करते हुए विस्तृत रिपोर्ट स्वास्थ्य विभाग को भेजने को कहा गया है।
स्वास्थ्य विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि जांच के दौरान यदि कोई डॉक्टर फर्जी प्रमाणपत्र के आधार पर कार्यरत पाया जाता है, तो उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसमें सेवा से बर्खास्तगी के साथ-साथ आपराधिक मामला दर्ज करने की भी प्रक्रिया अपनाई जाएगी। इस कार्रवाई से आम जनता को बेहतर और सुरक्षित स्वास्थ्य सेवाएं मिलने की उम्मीद है।
