0

हरियाणा: गाली देने का विरोध करने पर भतीजे ने की चाचा की निर्मम हत्या, कृपाण से किया हमला

By Dec 10, 2025

यमुनानगर के तलाकौर गांव में गाली देने का विरोध करने पर किसान अवतार सिंह (40) की उसके भतीजे सुखजीत उर्फ डिंपल ने हत्या कर दी। यह वारदात थाना छप्पर क्षेत्र के तलाकौर गांव में वीरवार दोपहर हुई। मृतक के पिता सुरेंद्र सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका बेटा अवतार सिंह अविवाहित था और गांव में खेतीबाड़ी करता था।

चार दिसंबर की दोपहर करीब तीन बजे, जब अवतार सिंह घर पर थे, तभी भतीजा सुखजीत उर्फ डिंपल घर में घुस आया और बेवजह गाली देने लगा। अवतार सिंह ने जब गाली देने से मना किया, तो सुखजीत ने उन पर डंडे से वार किए। बीच-बचाव करने आए सुरेंद्र सिंह को भी डंडा लगा। इसके बाद सुखजीत भाग गया, लेकिन कुछ देर बाद वह दोबारा कृपाण लेकर आया और अवतार सिंह की जांघ में दो बार वार कर दिए। इससे अवतार सिंह लहूलुहान हो गए।

घायल अवतार सिंह को सरस्वती नगर के सामुदायिक केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। रात में अवतार सिंह अपने कमरे में सोने चले गए, लेकिन अगली सुबह वह पलंग पर मृत पाए गए। चिकित्सकों के अनुसार, जांघ में नस ब्लॉकेज के कारण उनकी मौत हुई, जो कृपाण के वार से हुई थी।

मृतक के पिता सुरेंद्र सिंह ने बताया कि उनके चार बेटे थे, जिनमें से तीन की पहले ही बीमारी से मौत हो चुकी है। अवतार सिंह उनका चौथा और आखिरी बेटा था, जिसकी भी झगड़े में मौत हो गई। सुरेंद्र सिंह और उनकी पत्नी चरणजीत कौर, जो कैंसर की मरीज हैं, अपने चारों बेटों को खोने के बाद गहरे सदमे में हैं।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें