रोहतासतास में शादी समारोह में हर्ष फायरिंग, युवक की मौत; खुशियों के बीच पसरा मातम
रोहतासतास जिले के शिवसागर थाना क्षेत्र में एक विवाह समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग में एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान बक्सर जिले के ईटाढी गांव निवासी नंदन कुमार सिंह (25 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना रविवार की देर रात करीब 1 बजे थनुआ गांव में घटी, जब शादी की खुशियां मनाई जा रही थीं।
पुलिस के अनुसार, हर्ष फायरिंग के दौरान गोली नंदन कुमार सिंह को लगी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही शिवसागर थानाध्यक्ष रितेश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मौके से एक पिस्टल भी बरामद की गई है।
सदर अस्पताल सासाराम में मृतक के रोते-बिलखते स्वजनों का हृदय विदारक दृश्य देखने को मिला। परिवार वालों ने बताया कि नंदन शादी में शामिल होने आया था, लेकिन उन्हें नहीं पता था कि यह उनकी आखिरी यात्रा होगी। एसपी रौशन कुमार और सदर डीएसपी दिलीप कुमार ने भी घटनास्थल का दौरा कर मामले की जानकारी ली। बिहार में हर्ष फायरिंग की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे कई परिवारों की खुशियां मातम में बदल चुकी हैं।
