हरियाणा बनेगा EV हब, गुरुग्राम में टेस्ला के पहले ऑल-इन-वन सेंटर का उद्घाटन
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा है कि प्रदेश अब सिर्फ बाजार नहीं, बल्कि विनिर्माण क्षेत्र में दुनिया की महाशक्ति बनकर उभर रहा है। उन्होंने गुरुग्राम में टेस्ला इंडिया मोटर्स एंड एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड के देश के पहले ऑल-इन-वन सेंटर का उद्घाटन करते हुए यह बात कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि टेस्ला के आगमन से गुरुग्राम की पहचान विश्व पटल पर और मजबूत हुई है।
मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि टेस्ला अपना पहला इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) विनिर्माण संयंत्र और अन्य संबंधित इकाइयां हरियाणा में ही स्थापित करेगी। इससे न केवल औद्योगिक विकास को गति मिलेगी, बल्कि बड़े पैमाने पर रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। यह सेंटर सेक्टर-48 स्थित आर्किड बिजनेस पार्क में खोला गया है।
मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार निवेशकों के लिए ‘कास्ट ऑफ डुइंग बिजनेस’ को कम करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसी दिशा में औद्योगिक प्लाटों के लिए विशेष लीजिंग पॉलिसी बनाई गई है और लोकल सप्लाई चेन को मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है। विदेशी कंपनियों से प्रभावशाली वार्तालाप के लिए विदेश सहयोग विभाग का भी गठन किया गया है।
उन्होंने बताया कि इन प्रयासों के चलते हरियाणा यात्री कारों के निर्माण में देश में अग्रणी है। प्रदेश का निर्यात 2014 में लगभग 70 हजार करोड़ रुपये से बढ़कर अब 2 लाख 75 हजार करोड़ रुपये को पार कर गया है। हरियाणा उद्योगों को लॉजिस्टिक सुविधा देने में देश में दूसरे और उत्तर भारत में पहले स्थान पर है। पिछले 11 वर्षों में प्रदेश में 12 लाख से अधिक सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योग स्थापित हुए हैं, जिनसे लगभग 49 लाख लोगों को रोजगार मिला है।
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि हरियाणा वर्ष 2047 तक एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने का लक्ष्य लेकर चल रहा है। राज्य में स्टार्टअप्स की संख्या में भी वृद्धि हुई है, और यह सातवें बड़े राज्य के रूप में उभरा है, जहाँ 9,100 से अधिक मान्यता प्राप्त स्टार्टअप्स हैं। भविष्य की तकनीकों को बढ़ावा देने के लिए गुरुग्राम और पंचकुला में एआई हब स्थापित किए जा रहे हैं। साथ ही, एआई, रोबोटिक्स, बायोटेक्नोलॉजी और डीप-टेक को अपनाने के लिए ‘डिपार्टमेंट ऑफ फ्यूचर’ की स्थापना पर भी जोर दिया जा रहा है।
