0

बर्फीली हवाओं से कांप उठा हापुड़, हृदय रोगियों के लिए जारी हुई चेतावनी, जानें बचाव के उपाय

By Dec 17, 2025

हापुड़ में बुधवार को बर्फीली हवाओं ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। दोपहर बाद चली ठंडी हवाओं की सिहरन से लोग परेशान हो उठे। तापमान कम रहने के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में पाला भी गिरा और कोहरा छा गया, जिससे ठिठुरन और ज्यादा बढ़ गई। परेशान लोग ठंडी हवाओं से बचने के लिए यहां-वहां शरण लेते रहे।

मौसम विभाग के अनुसार, अभी तापमान में और गिरावट आने का पूर्वानुमान है। सुबह-शाम तापमान कम रहने के साथ ही दोपहर में भी लोगों को ठिठुरन से राहत मिलने वाली नहीं है। कृषि विभाग के अनुसार, तापमान में कमी आना फसलों के लिए लाभकारी है, खासकर गेहूं, सरसों और सब्जी की फसलों के लिए। वहीं आलू की फसल को खास देखभाल की जरूरत है क्योंकि वायु में नमी बने रहने से आलू में फंगस फैलने का खतरा बढ़ जाता है। पशुओं को भी ठंडी हवा के सीधे संपर्क में आने से बचाकर रखने की जरूरत है।

चिकित्सकों के अनुसार, तापमान कम रहने और ठंडी हवाओं से रक्तचाप व हृदय रोगियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसे में ठंडी हवा के सीधे संपर्क में आने से बचकर रहने की जरूरत है। वहीं सुबह-शाम कम तापमान रहने से सैर करने से बचना चाहिए। पर्याप्त कपड़े पहनकर रहें और हल्के गुनगुने पानी का सेवन करें।

पहाड़ी क्षेत्रों से आ रही हवाओं के चलते मैदानी क्षेत्रों में भी तापमान में गिरावट आनी शुरू हो गई है। इस सप्ताह तापमान कम बना रहने का पूर्वानुमान है। बादल छाए रहने से सर्दी और बढ़ सकती है। ऐसे में लोगों को रात के सफर से परहेज करने की सलाह दी गई है। वहीं बच्चों और बुजुर्गों का ज्यादा ध्यान रखने की जरूरत है।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें