सगाई की खुशियां मातम में बदलीं: भीषण सड़क हादसे में दो चचेरे भाइयों की मौत, एक की दो दिन पहले हुई थी सगाई
बेतिया के मनुआपुल थाना क्षेत्र में पतरखा-नौरंगिया रोड पर एक भीषण सड़क हादसा हुआ है। शनिवार रात करीब 8 बजे तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। बाइक पर सवार बैरिया थाना क्षेत्र के गजरवा बाजार के रहने वाले संदीप कुमार (27) और रामबाबू कुमार (20) की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों चचेरे भाई थे और योगापट्टी के हरपुर गांव से लौट रहे थे।
रविवार सुबह ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच भेज दिया। परिजनों को सोशल मीडिया के जरिए घटना की जानकारी मिली। संदीप अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था, जबकि रामबाबू तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है।
सबसे दुखद पहलू यह है कि मृतक रामबाबू की सगाई दो दिन पहले गुरुवार को ही हुई थी। परिवार में शादी की तैयारियां चल रही थीं। रामबाबू की मां सुगांती देवी ने बताया कि वह बेटे की शादी के बारे में सोच रही थीं, तभी मौत की खबर आ गई। इस घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है।
