कानपुर देहात में धूमधाम से मनाई गई हनुमान जयंती, भजनों से गूंजे मंदिर
कानपुर देहात जिले में हनुमान जयंती का पर्व धूमधाम और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर हनुमान जी को चोला चढ़ाने के साथ ही हवन-पूजन का कार्यक्रम आयोजित किया गया। मंदिरों और आश्रमों में पहुंचे श्रद्धालुओं ने बजरंगबली का पूजन करके संकट से मुक्ति और कल्याण की कामना की। विभिन्न स्थानों पर सुंदरकांड के पाठ और भजन-कीर्तन के आयोजन हुए, साथ ही भंडारे का प्रसाद वितरण भी किया गया।
अकबरपुर के अयोध्यापुरी मैदान के पास स्थित दक्षिणेश्वर हनुमान मंदिर में विशेष पूजन-अर्चन हुआ। यहां 21 बार हनुमान चालीसा और सुंदरकांड के पाठ के बाद आरती संपन्न हुई। ऐतिहासिक शुक्ल तालाब स्थित नर्मदेश्वर महादेव मंदिर और बालाजी धाम में भी भक्तों ने पूजन किया। तहसील परिसर में भी हनुमान जी के पूजन के उपरांत प्रसाद वितरण हुआ। मूसानगर और धनीरामपुर के बालाजी धाम में हवन-पूजन और सुंदरकांड के पाठ के बाद प्रसाद बांटा गया।
शोभन आश्रम, पवनतनय आश्रम रंजीतपुर, जैनपुर, काशीपुर की प्राचीन हनुमान गढ़ी, किशुनपुर के बजरंग बली धाम और रूरा में भी हनुमान मंदिरों में पूजन-अर्चन के बाद प्रसाद वितरण किया गया। कड़री आश्रम में अखंड रामायण पाठ संपन्न हुआ, जिसके बाद पंचमुखी हनुमान, रौद्ररूप हनुमान, वीर हनुमान और अमर महाप्रभु हनुमान की पंच मूर्तियों का भव्य श्रृंगार कर पूजन और हवन किया गया। महाआरती के बाद प्रसाद वितरण हुआ।
