हजारीबाग में भीषण सड़क हादसा, एक ही परिवार के 3 की मौत, 6 घायल
झारखंड के हजारीबाग जिले में एक दिल दहला देने वाली सड़क दुर्घटना सामने आई है, जिसमें एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए। यह हादसा बरही थाना क्षेत्र के पंचमाधव गंगटाही पुल के पास फोरलेन सड़क पर बुधवार सुबह हुआ।
सूत्रों के अनुसार, एक स्विफ्ट कार (संख्या डब्लू बी 44ए 0415) अनियंत्रित होकर सड़क के डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इस हादसे में कार सवार आसनसोल कुल्टी निवासी श्रीनाथ यादव के परिवार के तीन सदस्यों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में श्रीनाथ यादव की पत्नी पूनम देवी (55 वर्ष), पुत्र जय भगवान यादव (40 वर्ष) और 10 वर्षीय पोती अंशिका कुमारी शामिल हैं।
हादसे में छह लोग घायल भी हुए हैं। घायलों में श्रीनाथ यादव के पुत्र धर्मेंद्र यादव (35 वर्ष), जय भगवान यादव के पुत्र शिवम कुमार (12 वर्ष) और अभिराज कुमार (10 वर्ष), मृत्यंजय कुमार (8 वर्ष), जयभगवान यादव की पत्नी कौशल्या देवी और 24 वर्षीय पुत्री ज्योति कुमारी शामिल हैं।
सभी घायलों को तत्काल बरही अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद पांच की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया है। इनमें धर्मेंद्र यादव और शिवम कुमार की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह पूरा परिवार आसनसोल कुल्टी से बिहार में एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए जा रहा था, तभी यह दुखद हादसा हो गया। इस घटना ने पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ा दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है।
