सीएम से नियुक्ति पत्र लेने जाना था, घर पहुंची शिक्षक की लाश; सिर कूचकर बेरहमी से की गई हत्या
पश्चिमी सिंहभूम जिले के टोटो थाना क्षेत्र के पुरनापानी हाट में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ पारा शिक्षक मुकरू देवगम की पत्थर से सिर कुचलकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक 40 वर्षीय मुकरू देवगम, जो लगभग 20 वर्षों से सुंडी सुरनिया गांव के उत्क्रमित मध्य विद्यालय में कार्यरत थे, को शुक्रवार को शिक्षा विभाग से सहायक आचार्य पद पर नियुक्ति पत्र मिलने वाला था।
जानकारी के अनुसार, मुकरू देवगम स्कूल से छुट्टी के बाद हाट पहुंचे थे, लेकिन रात तक घर नहीं लौटे। शनिवार सुबह ग्रामीणों ने उनके परिजनों को घटना की सूचना दी। जब परिजन घटनास्थल पर पहुंचे, तो उन्होंने मुकरू देवगम का क्षत-विक्षत शव पाया। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि अपराधियों ने धारदार हथियार या पत्थर से उनके सिर पर वार कर उनकी हत्या की है।
परिजनों का कहना है कि मृतक का किसी के साथ कोई विवाद या दुश्मनी नहीं थी। वह एक शांत स्वभाव के व्यक्ति थे और नियमित रूप से स्कूल जाते थे। उनकी एक 6 वर्षीय बेटी है, जो अब अपने पिता के साए से हमेशा के लिए महरूम हो गई है। इस घटना से परिवार और पूरे गांव में गहरा सदमा और आक्रोश है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल चाईबासा भेज दिया है और अज्ञात अपराधियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। टोंटो थाना प्रभारी सुकुमार हेम्ब्रम ने बताया कि हत्या का कारण अभी स्पष्ट नहीं है और पुलिस अनुसंधान में जुटी है। उन्होंने आश्वासन दिया है कि जल्द ही हत्यारों का पता लगा लिया जाएगा।
नियुक्ति पत्र मिलने से ठीक पहले हुई इस हत्या ने पूरे इलाके में भय और चिंता का माहौल पैदा कर दिया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस मामले की त्वरित जांच और अपराधियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है। पुलिस ने इलाके में निगरानी बढ़ा दी है और लोगों से सहयोग की अपील की है।
