0

हापुड़: बेसहारा गोवंश पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगाई, इलाके में भारी आक्रोश

By Nov 20, 2025

हापुड़ जिले के धौलाना कस्बे में मानवता को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है, जहां पुराने थाने के पास एक बेसहारा गोवंश पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई। इस क्रूर कृत्य से इलाके में भारी आक्रोश फैल गया है और हिंदू संगठनों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

सूत्रों के अनुसार, यह घटना बुधवार देर शाम को हुई। पुराने थाने के परिसर और आसपास के क्षेत्र में स्थानीय लोग अक्सर अपने पशुओं को बांधते हैं। पिछले कुछ दिनों से एक बेसहारा गोवंश वहां बंधे पशुओं के लिए रखे चारे को खा रहा था, जिससे कुछ पशुपालक नाराज थे। इसी नाराजगी के चलते किसी अज्ञात व्यक्ति ने इस अमानवीय कृत्य को अंजाम दिया। पेट्रोल डालकर आग लगाने के बाद घायल गोवंश जलता हुआ चिल्लाता हुआ भागा और बाजार में अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंच गया। वहीं, हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में एकत्र हो गए। आग से बुरी तरह झुलसा हुआ गोवंश खेतों की ओर भाग गया। पुलिस और गौ रक्षा दल के सदस्य घायल गोवंश को ढूंढकर उसका उपचार कराने का प्रयास कर रहे हैं।

चूंकि घटना उस क्षेत्र में हुई है जहां दूसरे समुदाय की आबादी अधिक है, इसलिए ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त है। स्थानीय प्रशासन ने एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष चौहान ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ-साथ स्थानीय लोगों से भी पूछताछ कर रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।

About

Journalist covering latest updates.

अगली खबरें

हापुड़ में दो हिस्ट्रीशीटर अवैध हथियारों संग गिरफ्तार, कोर्ट ने भेजा जेल

हापुड़ पुलिस ने शहर में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दो बड़े हिस्ट्रीशीटरों को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सटीक...
By Nov 20, 2025

साझा करें