0

हाजीपुर लूटकांड का खुलासा: 5 लाख रुपये और हथियार संग 3 बदमाश गिरफ्तार

By Dec 6, 2025

हाजीपुर सदर थाना क्षेत्र में पुलिस ने कलेक्शन एजेंट से हुई 15.60 लाख रुपये की लूट के मामले में एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने दिग्घी ओवरब्रिज के पास से तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से लूटी गई राशि में से 5 लाख रुपये नकद, एक देसी कट्टा, एक कारतूस और लूटा गया मोबाइल बरामद हुआ है।

पुलिस के अनुसार, यह लूट 1 दिसंबर को महुआ मोड़ स्थित फ्लिपकार्ट के कैशियर सोनल राज ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर रची थी। सोनल राज पर गबन के करीब 1.37 लाख रुपये की राशि भरपाई का दबाव था, जिसके चलते उसने इस लूट की योजना बनाई। 29 नवंबर को योजना बनाने के बाद 1 दिसंबर को रेडिएंट कैश मैनेजमेंट लिमिटेड कंपनी के फाइनेंस कर्मी से 15,60,540 रुपये लूट लिए गए।

घटना की गंभीरता को देखते हुए, पुलिस अधीक्षक वैशाली के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर एक हाजीपुर सुबोध कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। इस टीम ने मानवीय, तकनीकी आसूचना और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच की। जांच के बाद पुलिस ने सोनल राज, रूपेश कुमार उर्फ नेपाली और शुभम कुमार को गिरफ्तार किया।

एसडीपीओ सुबोध कुमार ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त अवैध हथियार और लूटी गई राशि में से 5 लाख रुपये बरामद किए गए हैं। पूछताछ के दौरान सोनल राज ने कबूल किया कि उसने और उसके साथी शुभम कुमार व रूपेश उर्फ नेपाली ने मिलकर लूट की योजना बनाई थी। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है और अन्य संभावित साथियों की तलाश जारी है।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें