टिहरी में गुलदार का आतंक: स्कूटी सवार महिला पर किया हमला, वन विभाग पर उठे सवाल | Tehri news
उत्तराखंड के टिहरी जिले में गुलदार के बढ़ते हमलों के कारण स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। मखलोगी क्षेत्र में गुलदार की सक्रियता इतनी बढ़ गई है कि उसने दिनदहाड़े लोगों पर हमला करना शुरू कर दिया है। हाल ही में गुलदार ने एक स्कूटी सवार महिला पर हमला किया, जिससे वह गिरकर घायल हो गईं। इससे पहले गुलदार ने एक कार पर भी हमला किया था।
ग्राम मणोगी निवासी आरती नेगी शनिवार को स्कूटी से नकोट बाजार जा रही थीं। टिंगरी गांव के पास अचानक गुलदार ने उन पर हमला कर दिया। हमले से घबराकर आरती की स्कूटी अनियंत्रित होकर गिर गई। उनके चिल्लाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद गुलदार जंगल की ओर भाग गया। गनीमत रही कि आरती को गंभीर चोट नहीं आई।
इससे एक दिन पहले, शुक्रवार शाम को अमर देव उनियाल अपनी कार से घर लौट रहे थे। नकोट के पास सनराइज पब्लिक स्कूल के पास गुलदार ने उनकी कार पर झपट्टा मारा। कार के शीशे बंद होने के कारण कोई नुकसान नहीं हुआ, लेकिन इस घटना ने क्षेत्र में दहशत फैला दी। ग्रामीणों के अनुसार, कुछ समय पहले गुलदार ने इसी क्षेत्र में गोवंश को भी शिकार बनाया था।
स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता विक्रम सिंह रावत ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि गुलदार के लगातार हमलों से बच्चों और बुजुर्गों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है।
टिहरी वन प्रभाग के एसडीओ जन्मेजय चंद रमोला ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही टीम मौके पर भेजी गई थी। विभाग संभावित क्षेत्रों में लगातार गश्त कर रहा है और ग्रामीणों को जंगली जानवरों से बचाव के प्रति जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि संभावित इलाकों में फोक्स लाइट और ट्रैप कैमरे भी लगाए गए हैं।
