Gorakhpur news: पंचायत मतदाता सूची में गड़बड़ी पर प्रशासन सख्त, 30 दिसंबर तक आपत्ति दर्ज करने का मौका
गोरखपुर में पंचायत चुनाव की मतदाता सूची में गड़बड़ियों की शिकायतों पर प्रशासन सख्त हो गया है। मतदाता सूची में मृत व्यक्तियों के नाम शामिल होने और पात्र मतदाताओं के नाम गायब होने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी ने उप जिला निर्वाचन अधिकारी को समीक्षा बैठक करने के निर्देश दिए।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने गुरुवार को सभी एसडीएम और बीडीओ के साथ वर्चुअल बैठक की। बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए गए कि अनंतिम प्रकाशन के बाद प्राप्त हो रही सभी शिकायतों की निष्पक्ष और गंभीरता से जांच की जाए। उन्होंने कहा कि यदि किसी पात्र मतदाता का नाम सूची में शामिल नहीं हो पाया है तो उसे अविलंब दर्ज किया जाए। वहीं, यदि किसी पंचायत में मृत व्यक्तियों के नाम अभी भी मतदाता सूची में दर्ज हैं तो उन्हें तत्काल हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
प्रशासन ने इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त न करने की चेतावनी दी है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि संबंधित बीएलओ की जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने सभी एसडीएम और बीडीओ को अपने-अपने क्षेत्रों में इस प्रक्रिया की सतत निगरानी करने का निर्देश दिया, ताकि कोई भी पात्र मतदाता अपने अधिकार से वंचित न रहे।
प्रशासन ने मतदाताओं से अपील की है कि वे निर्धारित समय के भीतर अपनी शिकायतें दर्ज कराएं। पंचायतों की मतदाता सूची का अनंतिम प्रकाशन मंगलवार को किया गया था, जिसके बाद बुधवार से 30 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराने का समय निर्धारित किया गया है। इस अवधि में नए मतदाताओं के नाम भी सूची में जोड़े जाएंगे और त्रुटियों को दुरुस्त किया जाएगा।
