0

खुशखबरी! अब ऐप से डाउनलोड करें अपना स्मार्ट राशन कार्ड, सरकारी दफ्तरों के चक्कर खत्म

By Dec 9, 2025

सरकारी राशन कार्ड अब स्मार्ट कार्ड में बदल गए हैं, जिससे उपभोक्ताओं को राशन कार्ड के लिए विभाग के चक्कर नहीं काटने होंगे। वे ऑनलाइन डाउनलोड कर स्मार्ट राशन कार्ड प्राप्त कर सकते हैं। इस पहल का उद्देश्य राशन वितरण में पारदर्शिता और सुविधा लाना है।

जिले में 7,89,914 राशन कार्ड धारक हैं, जिनमें 6,72,187 पात्र गृहस्थी राशन कार्ड धारक और 1,17,727 अंत्योदय राशन कार्ड धारक हैं। विभाग की ओर से पहले नए राशन कार्ड बनाने में बुक की कमी के कारण देरी हो रही थी, जिससे उपभोक्ता सिर्फ कार्ड नंबर से ही राशन प्राप्त कर रहे थे।

मगर शासन की ओर से वर्तमान वित्तीय वर्ष में डिजिटल राशन कार्ड योजना शुरू की गई है। इसके तहत उपभोक्ता ‘माई राशन कार्ड’ एप के माध्यम से ऑनलाइन अपना राशन कार्ड डाउनलोड कर सकता है और उसका प्रिंट निकाल सकता है। स्मार्ट राशन कार्ड अन्य विभागों की ओर से जारी किए गए ड्राइविंग लाइसेंस, आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड की तरह है। इसमें एक ओर कार्ड धारक उपभोक्ता का विवरण और क्यूआर कोड दर्ज है और दूसरी ओर परिवार के सदस्यों का विवरण दर्ज है।

जिला पूर्ति अधिकारी दिलीप कुमार ने बताया कि जिनके कार्ड फट गए हैं, या किसी कारणवश खराब हो गए हैं, वे एप के माध्यम से स्मार्ट राशन कार्ड को डाउनलोड कर सकते हैं। एप में उनको राशन कार्ड व उससे संबंधित पूरी जानकारी भी मिल जाएगी। उसके माध्यम से वह अपनी समस्या को भी विभाग से साझा कर सकते हैं।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें