किसानों के लिए खुशखबरी! बिहार में पहली बार मिल रहा 15% ब्याज के साथ मुआवजा, मुख्य सचिव ने खुद की अपील
बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत और जल संसाधन विभाग के प्रधान सचिव संतोष कुमार मल्ल ने जहानाबाद जिले में मंडई वियर परियोजना का निरीक्षण किया। उन्होंने सबसे पहले हेलीकॉप्टर से परियोजना स्थल का जायजा लिया और फिर अधिकारियों के साथ बैठक की।
मुख्य सचिव ने परियोजना के सफल क्रियान्वयन के लिए भू-स्वामियों के साथ संवाद किया। उन्होंने कहा कि मंडई वियर परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए जिला प्रशासन और जल संसाधन विभाग लगातार प्रयास कर रहा है। जिलाधिकारी के नेतृत्व में नियमित रूप से कैंप आयोजित किए जा रहे हैं, जहां भू-स्वामियों के कागजात तैयार कर मुआवजे के लिए आवेदन लिए जा रहे हैं।
मुख्य सचिव ने भू-स्वामियों से अपील की कि वे अपनी भूमि का मुआवजा जल्द प्राप्त करें, ताकि परियोजना का कार्य शीघ्र पूरा हो सके। उन्होंने बताया कि भूमि की मुआवजे राशि पर प्रतिवर्ष 15 प्रतिशत सूद के रूप में भुगतान की स्वीकृति दे दी गई है। उन्होंने जोर देकर कहा कि पूरे बिहार में पहली बार मुआवजे की राशि पर 15 प्रतिशत की दर से सूद जोड़कर भुगतान किया जा रहा है। उन्होंने भू-स्वामियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि परियोजना का कार्य 30 मई 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य है।
परियोजना के क्रियान्वित होने से किसानों को खेती के लिए बिजली की समस्या, विद्युत विपत्र और जनरेटर के लिए ईंधन की समस्या से निजात मिलेगी। जल संसाधन विभाग के प्रधान सचिव संतोष कुमार मल्ल ने बताया कि मंडई वियर परियोजना फल्गु नदी पर है, जिसका जलग्रहण क्षेत्र 3224 वर्ग किमी है।
