गाजियाबाद: 9वीं मंजिल से कूदकर तीन बहनों ने दी जान, ‘Korean game’ की लत ने ली जान
गाजियाबाद के भारत सिटी इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक ही परिवार की तीन सगी बहनों ने नौवीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। पुलिस जांच में पता चला है कि तीनों बहनें एक ‘Korean love game’ की आदी थीं। परिवार के सदस्यों ने जब उन्हें गेम खेलने से मना किया, तो उन्होंने यह जानलेवा कदम उठाया।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार देर रात करीब 2 बजे 12, 14 और 16 साल की तीनों बहनों ने अपने कमरे को अंदर से बंद कर लिया। इसके बाद एक-एक करके बालकनी से छलांग लगा दी। घटना के बाद परिवार में हड़कंप मच गया। तीनों बच्चियों को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
गेम की लत में छोड़ दिया था स्कूल
मृतक बच्चियों के पिता ने बताया कि उनकी बेटियां पिछले तीन साल से इस ऑनलाइन गेम की आदी थीं। गेम की लत इतनी बढ़ गई थी कि उन्होंने स्कूल जाना भी छोड़ दिया था। वे हर वक्त एक साथ रहती थीं और गेम के टास्क पूरे करने में लगी रहती थीं। पिता के मुताबिक, बच्चियां अक्सर कहती थीं कि उन्हें कोरिया जाना है।
पुलिस को बच्चियों के कमरे से एक डायरी मिली है, जिसमें 18 पन्नों का सुसाइड नोट लिखा हुआ है। नोट में बच्चियों ने अपने माता-पिता से माफी मांगते हुए लिखा है कि वे गेम को नहीं छोड़ पा रही हैं। उन्होंने लिखा, “मम्मी-पापा सॉरी… गेम नहीं छोड़ पा रही हूं। अब आपको एहसास होगा कि हम गेम से कितना प्यार करते थे, जिसको आप छुड़वाना चाहते थे।”
क्या है यह ‘Korean love game’?
जांच में सामने आया है कि बच्चियां जिस ऑनलाइन गेम की आदी थीं, वह एक तरह का चैट-आधारित गेम है। इसमें खिलाड़ी को विदेशी या कोरियन लड़के-लड़की के रूप में पेश किया जाता है। शुरुआत में दोस्ती और प्यार की बातें होती हैं, फिर धीरे-धीरे टास्क दिए जाते हैं। टास्क न पूरा करने पर मानसिक दबाव बनाया जाता है, जिससे खेलने वाला व्यक्ति तनाव में आ जाता है।
पुलिस जांच जारी
एडिशनल पुलिस कमिश्नर आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि शुरुआती जांच में यह आत्महत्या का मामला लग रहा है। तीनों बच्चियां मोबाइल पर गेम खेलती थीं। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि किन परिस्थितियों में यह घटना हुई और गेम का इसमें क्या रोल था। पिता ने अन्य माता-पिता से अपील की है कि वे अपने बच्चों को मोबाइल गेम से दूर रखें।
