भागलपुर में घंटाघर–डिक्शन मोड़ कॉरिडोर होगा फ्री-फ्लो, लगेंगे स्थायी स्टील डिवाइडर
भागलपुर शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। घंटाघर चौक से डिक्शन मोड़ तक के कॉरिडोर को फ्री-फ्लो बनाने के उद्देश्य से स्थायी स्टील डिवाइडर लगाए जाएंगे। इससे सड़क दो लेन में विभाजित हो जाएगी, जिससे दैनिक यातायात जाम से लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
शहर में लगातार लगने वाले जाम की समस्या के समाधान के लिए नगर आयुक्त किसलय कुशवाहा और यातायात डीएसपी संजय कुमार ने विभिन्न प्रमुख चौकों का निरीक्षण किया। स्टेशन चौक, डिक्शन मोड़, कचहरी चौक, बड़ी पोस्ट ऑफिस, मनाली चौक, जीरो माइल चौक और तिलकामांझी चौक पर मौजूदा यातायात की स्थिति का जायजा लिया गया और तत्काल सुधारात्मक निर्णय लिए गए।
स्टेशन चौक पर सड़क के दोनों ओर पेवर्स ब्लॉक पर अतिक्रमण को देखते हुए, प्रशासन ने चारों ओर मोटे सिकड़ों से घेराबंदी करने का फैसला किया है। इससे अतिक्रमण रुकेगा और चौक की चौड़ाई बनी रहेगी। इसके अतिरिक्त, सड़क किनारे बने गड्ढों को पेवर्स ब्लॉक से भरकर समतल किया जाएगा।
शहीद भगत सिंह चौक पर भी जल्द सड़क समतलीकरण का काम शुरू होगा। बड़ी पोस्ट ऑफिस के पास स्कूल की छुट्टी के समय लगने वाले जाम से निपटने के लिए डिवाइडर लगाने का निर्णय लिया गया है। व्यस्त इलाकों में पिकअप और ड्रॉप पॉइंट विकसित किए जाएंगे, ताकि सड़क पर अव्यवस्थित खड़े वाहनों से लगने वाले जाम को नियंत्रित किया जा सके।
नगर आयुक्त ने बताया कि पूरे प्रोजेक्ट का विस्तृत प्लान और एस्टीमेट तैयार कर जल्द काम शुरू किया जाएगा। यातायात डीएसपी ने कहा कि ट्रैफिक को सुचारू और सुरक्षित रखने के लिए कई जगहों पर डिवाइडर लगाना आवश्यक हो गया है।
