गया एयरपोर्ट पर 12 यात्री वीजा के बिना फंसे, CISF की निगरानी में पूछताछ
बोधगया स्थित गया इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया जब कंबोडिया से आए एक चार्टर्ड विमान के 12 यात्री वीजा न होने के कारण एयरपोर्ट पर ही रोक दिए गए। इन यात्रियों को एयरपोर्ट परिसर से बाहर निकलने की अनुमति नहीं दी गई और सीआईएसएफ की निगरानी में उनसे पूछताछ शुरू की गई।
सूत्रों के अनुसार, विमान में कुल 150 यात्री सवार थे, जिनमें से 12 यात्रियों के पास यात्रा शुरू होने तक वीजा जारी नहीं हो सका था। एयरपोर्ट के कार्यवाहक निदेशक अविनाश सोरेंग ने बताया कि यात्रियों ने वीजा के लिए आवेदन किया था, लेकिन किसी कारणवश यात्रा शुरू होने तक उनका वीजा नहीं बन पाया था।
CISF की कड़ी निगरानी में इन सभी 12 यात्रियों को एयरपोर्ट के अंदर ही ठहराने की व्यवस्था की गई थी। इनमें पांच भिक्षु और सात महिला यात्री शामिल थे। यात्रियों के दस्तावेजों की गहन जांच की गई ताकि उनकी पहचान और यात्रा के उद्देश्य का पता लगाया जा सके।
गुरुवार को हुई इस घटना के बाद, शुक्रवार को इमिग्रेशन विभाग ने विशेष परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए सभी 12 यात्रियों को लैंडिंग परमिट जारी कर दिया। परमिट जारी होने के बाद ही इन यात्रियों को एयरपोर्ट से जाने की अनुमति मिली।
यह परमिट आमतौर पर विशेष परिस्थितियों में ही दिया जाता है। अगले सप्ताह इन यात्रियों को थाईलैंड के रास्ते वापस कंबोडिया भेजा जाएगा। इस घटना ने एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था और यात्रियों के दस्तावेजों की जांच पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।
