0

ग्वालियर की गोलार घाटी में दिखे दो चीते, राहगीरों में दहशत का माहौल

By Dec 5, 2025

ग्वालियर के भितरवार अनुविभाग में स्थित करहिया थाना क्षेत्र की गोलार घाटी में दो चीतों को सड़क पर विचरण करते देख स्थानीय लोगों और राहगीरों में सनसनी फैल गई। गुरुवार सुबह जंगल के किनारे, मवेशियों के झुंड के बीच अचानक इन दो चीतों को देखकर यात्री सहम गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गोलार घाटी का यह रास्ता करहिया गांव के मकरध्वज मंदिर के पास के जंगल से होकर मोहन क्षेत्र के घाटी गांव तक जाता है।

घटना के दौरान कार सवार लोगों ने डर के मारे अपने वाहन के शीशे बंद कर लिए, लेकिन उन्होंने सुरक्षित दूरी से इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। जैसे ही यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया और ग्रामीणों में भय का माहौल उत्पन्न हो गया।

वायरल वीडियो सामने आने के बाद, कूनो वन परिक्षेत्र की टीम तत्काल सक्रिय हो गई। वन विभाग ने गोलार घाटी क्षेत्र में अपनी गश्त बढ़ा दी है और आसपास रहने वाले ग्रामीणों व राहगीरों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश जारी किए हैं। वन अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में चीतों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

सूत्रों के अनुसार, वन परिक्षेत्र मोहना घाटी के रेंजर घनश्याम चतुर्वेदी ने बताया कि गोलार घाटी क्षेत्र में सड़क किनारे चीता दिखने की जानकारी वीडियो के माध्यम से प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि कूनो वन परिक्षेत्र इस जंगल से सटा हुआ है और ऐसे मौसम में चीते विचरण के लिए बाहर निकल आते हैं। लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि चीतों के साथ कूनो का गश्ती दल लगातार निगरानी कर रहा है, फिर भी सभी को अपनी सुरक्षा के प्रति सजग रहना आवश्यक है।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें