0

गुजरात लूटकांड का आरोपी पिंटू पासवान वैशाली से गिरफ्तार, हथियार बरामद

By Nov 30, 2025

बिहार के वैशाली जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहाँ गुजरात के सूरत शहर में एक आभूषण की दुकान में लूटपाट के दौरान हुई हत्या का आरोपी पिंटू पासवान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी एसटीएफ (स्पेशल टास्क फोर्स) से मिली गुप्त सूचना के आधार पर बिदुपुर थाना की पुलिस ने मधुरापुर गांव से की है। गिरफ्तार आरोपी के पास से एक देसी पिस्तौल और दो कारतूस भी बरामद किए गए हैं।

सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार पिंटू पासवान, देसरी थाना क्षेत्र के खौखसा कल्याण बुजुर्ग का निवासी है। उस पर आरोप है कि उसने गुजरात के सूरत स्थित सचिन थाना क्षेत्र में एक आभूषण की दुकान में लूटपाट की घटना को अंजाम दिया था, जिसमें विरोध करने पर दुकानदार आशीष राजपारा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस वारदात में पिंटू समेत वैशाली जिले के चार बदमाश शामिल थे, जिनमें से तीन आरोपी पहले से ही गुजरात जेल में बंद हैं।

सदर एसडीपीओ 1 सुबोध कुमार ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि गिरफ्तार आरोपी पिंटू पासवान के विरुद्ध वैशाली जिले के आठ थानों में आर्म्स एक्ट, लूट, डकैती और चोरी जैसे गंभीर धाराओं में मामले दर्ज हैं। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि बीते शुक्रवार को वैशाली पुलिस को एसटीएफ टीम से सूचना मिली थी कि पिंटू पासवान, जो गुजरात के बहुचर्चित सोना दुकान लूटकांड व हत्या मामले में फरार चल रहा था, वह अपने मौसेरे भाई राहुल कुमार के घर मधुरापुर गांव में आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने की नीयत से छिपा हुआ है और अवैध हथियार भी छुपाकर रखे हुए है।

प्राप्त सूचना के सत्यापन और त्वरित कार्रवाई के लिए एसडीपीओ सदर 1 सुबोध कुमार के नेतृत्व में बिदुपुर थाना अध्यक्ष और एसटीएफ टीम ने संयुक्त रूप से राहुल कुमार के घर पर छापेमारी की। इस दौरान, अभियुक्त पिंटू पासवान को एक देसी पिस्टल और दो कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया गया।

इस संबंध में बिदुपुर थाना में कांड संख्या 677/25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है और गिरफ्तार आरोपी पिंटू पासवान को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। पूछताछ के दौरान, आरोपी पिंटू पासवान ने गुजरात के सूरत में हुई हत्या और लूट की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उसने यह भी बताया कि उसने यह पिस्तौल 10 दिन पूर्व अपने दुश्मन को जान से मारने के उद्देश्य से खरीदा था। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि यह हथियार किसने और कहाँ से खरीदा गया था।

यह घटना सूरत के श्रीनाथ ज्वेलर्स शोरूम में हुई थी, जहाँ चार हथियारबंद बदमाशों ने घुसकर लूटपाट की थी और विरोध करने पर दुकानदार आशीष राजपारा को गोली मार दी थी, जिनकी बाद में अस्पताल में मौत हो गई थी।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें