गुजरात के साड़ी कारोबारी से 54 लाख ठगे, मुजफ्फरपुर के 9 व्यापारियों पर धोखाधड़ी का आरोप
मुजफ्फरपुर में एक बार फिर व्यापारिक धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। गुजरात के सूरत शहर के एक साड़ी कारोबारी नारायण कुमार साह ने मुजफ्फरपुर शहर के नौ व्यापारियों के खिलाफ नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। आरोप है कि इन व्यापारियों ने गुजरात से बड़े पैमाने पर साड़ियों का ऑर्डर देकर सामान मंगवाया, लेकिन अब लाखों रुपये का भुगतान करने से साफ मुकर रहे हैं।
पीड़ित कारोबारी नारायण कुमार साह ने अपनी शिकायत में बताया है कि आरोपित व्यापारियों ने उनसे कई बार में साड़ियां मंगवाईं। शुरुआत में उन्होंने भुगतान में देरी होने पर ब्याज देने का वादा किया था, लेकिन जब कारोबारी ने तगादा किया तो वे टालमटोल करने लगे। स्थिति तब और बिगड़ गई जब कई व्यापारियों ने तो कारोबारी के फोन कॉल उठाने भी बंद कर दिए। सूत्रों के अनुसार, पीड़ित कारोबारी के कुल 21 लाख 26 हजार 014 रुपये इन व्यापारियों के पास फंसे हुए हैं।
इस मामले में एक स्थानीय एजेंट बबलू गुप्ता भी पीड़ित हैं। नालंदा महलपुर निवासी बबलू गुप्ता ने बताया कि आरोपित व्यापारियों ने उनके माध्यम से ही गुजरात की विभिन्न फर्मों से साड़ियां मंगवाई थीं। उन्होंने गुजरात की 10 अलग-अलग फर्मों से सामान मंगवाकर इन व्यापारियों को डिलीवर किया था। अब इन व्यापारियों के पास बबलू गुप्ता के 33 लाख 12 हजार 268 रुपये भी फंसे हुए हैं। एजेंट का कहना है कि गुजरात की फर्मों द्वारा रुपये का तगादा करने पर उन पर दबाव बनाया जा रहा है, जिससे वह काफी परेशान हैं।
शिकायत में अखाड़ाघाट रोड, सरैयागंज और सूतापट्टी इलाके के नौ व्यापारियों को आरोपित बनाया गया है। इन सभी पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी का आरोप है। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस जल्द ही आरोपित व्यापारियों से पूछताछ कर सकती है और मामले की तह तक जाने का प्रयास करेगी।
मुजफ्फरपुर मातृ-शिशु अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट बंद, मरीजों की जान पर संकट
एनडीए की लहर में BSP-AAP और जन सुराज के नेताओं की जमानत जब्त, 107 की जमानत जब्त
नवोदय विद्यालय में सीनियरों का उत्पात: जूनियर छात्रों की पिटाई, 10 निष्कासित
मुजफ्फरपुर: जहां सोए थे, वहीं जल गए परिवार के पांच सदस्य, पुलिस को घटना ‘असामान्य’ लगी
मुजफ्फरपुर में नवजात भ्रूण को मुंह में लेकर भागा कुत्ता, क्षेत्र में दहशत
दिव्यांगों के जीवन में आएगा बदलाव, मुजफ्फरपुर में लगेगा कृत्रिम अंग का शिविर
