कासगंज के रेस्टोरेंट में गैस संकट, Chinese food पर लगा ब्रेक
कासगंज शहर के प्रमुख लाला रोशन लाल मिठाई एवं रेस्टोरेंट में व्यावसायिक गैस सिलेंडर की आपूर्ति नहीं मिलने के कारण प्रबंधन ने वैकल्पिक रास्ते तलाशे हैं। गैस सिलेंडर की कमी के चलते रेस्टोरेंट ने अपने चायनीज डिश और नमकीन बनाने के सेक्शन को बंद कर दिया है। यह फैसला तब तक लागू रहेगा जब तक व्यावसायिक सिलेंडर की आपूर्ति सुचारू नहीं हो जाती।
मिठाइयों के उत्पादन को जारी रखने के लिए रेस्टोरेंट प्रबंधन ने कोयला एवं बायोमास लकड़ी की भट्टी का प्रबंध किया है। रेस्टोरेंट के मालिक पंकज माहेश्वरी ने बताया कि मिठाइयों के लिए भट्टियों का इंतजाम किया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि कोयले के दाम भी बढ़े हुए हैं, जो 2200 रुपये प्रति क्विंटल से बढ़कर 2400 रुपये प्रति क्विंटल हो गया है।
रेस्टोरेंट की प्रसिद्ध सोहन पापड़ी अब भट्टी की आंच पर तैयार होगी। पंकज माहेश्वरी ने बताया कि उनके पास एक लकड़ी से चलने वाली बायोमास भट्टी थी, जिसे उन्होंने वापस मंगा लिया है। इसे खुले स्थान पर ही चलाया जा सकता है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस बदलाव के बावजूद मिठाइयों के रेटों पर कोई अंतर नहीं पड़ेगा।
