गोरखपुर के मॉल में दर्दनाक हादसा: तीसरी मंजिल से गिरा आठ साल का मासूम
गोरखपुर के ओरियन मॉल में मंगलवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जब आठ वर्षीय एक मासूम बच्चा तीसरी मंजिल से नीचे गिर गया। यह हादसा मॉल के ओपन फूड कोर्ट में हुआ, जिसके बाद वहां अफरा-तफरी मच गई।
सूत्रों के अनुसार, दिव्यनगर निवासी अनिकेत पांडेय का आठ वर्षीय बेटा अद्विक, अपने परिवार के साथ मॉल घूमने आया था। वे तीसरी मंजिल के ओपन फूड कोर्ट में बैठे थे, तभी खेलते-खेलते अद्विक टेबल पर चढ़ गया और संतुलन खो बैठा। इसी दौरान वह रेलिंग से नीचे ग्राउंड फ्लोर पर जा गिरा।
इस दर्दनाक हादसे के तुरंत बाद कई ग्राहक बच्चे की ओर दौड़े। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों ने आनन-फानन में बच्चे को पहले टाइमनियर हास्पिटल, फिर शकुंतला हास्पिटल ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद, बच्चे की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे सिटी हास्पिटल रेफर कर दिया गया। बच्चे के पिता अनिकेत पांडेय, जो होटल में फाइनेंस मैनेजर हैं, भी अस्पताल पहुंचे और बेटे की हालत देखकर काफी व्यथित दिखे। डॉक्टरों के मुताबिक, बच्चे को कई गंभीर चोटें आई हैं और उसकी स्थिति अभी भी नाजुक बनी हुई है।
घटना की सूचना पर कैंट थाना पुलिस भी हरकत में आ गई। प्रभारी निरीक्षक कैंट संजय सिंह ने बताया कि घटना की सत्यता और कारणों का पता लगाने के लिए मॉल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। इस घटना के बाद मॉल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं और जांच के दायरे में आ गई है।
इस बीच, घटना के प्रत्यक्षदर्शियों में से एक, गोलघर निवासी विशाल जायसवाल ने बताया कि यह हादसा उनके सामने ही हुआ। उन्होंने तत्काल एंबुलेंस को फोन किया, लेकिन समय पर एंबुलेंस नहीं पहुंची। बच्चे की गंभीर हालत को देखते हुए उन्होंने अपनी कार से ही घायल मासूम को अस्पताल पहुंचाया, जिससे उसकी जान बचाने में मदद मिली। विशाल ने कहा कि अगर थोड़ी और देर होती तो स्थिति और भी गंभीर हो सकती थी।
