गणित के डर को मिटाएगा वैदिक गणित, आरडीएस कॉलेज में दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला
मुजफ्फरपुर के आरडीएस कॉलेज में आगामी 8 और 9 दिसंबर को वैदिक गणित पर एक राष्ट्रीय स्तर की कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण आयोजन का मुख्य लक्ष्य छात्रों के बीच गणित विषय को लेकर व्याप्त भय और जटिलता की धारणा को तोड़ना है, और इसे एक सरल, रोचक तथा व्यावहारिक विषय के रूप में स्थापित करना है।
कार्यशाला के आयोजन को लेकर प्राचार्य कक्ष में आर्गेनाइजेशन कमेटी की बैठक संपन्न हुई। इस बैठक में प्राचार्य डॉ. शशि भूषण कुमार ने कहा कि आज भी बड़ी संख्या में विद्यार्थी गणित को एक कठिन और डराने वाला विषय मानते हैं। हालांकि, वैदिक गणित की तकनीकें न केवल इस धारणा को दूर करने में सहायक हैं, बल्कि ये तेज, सटीक और तार्किक समाधान भी प्रदान करती हैं। उन्होंने आयोजन समिति के सदस्यों को कार्यशाला की तैयारियों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस राष्ट्रीय कार्यशाला का आयोजन आरडीएस कॉलेज द्वारा आईक्यूएसी एवं शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास, उत्तर बिहार के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। इस आयोजन में मध्य प्रदेश, नालंदा सहित देश के विभिन्न राज्यों से प्रख्यात शिक्षाविद्, शोधकर्ता और छात्र भाग लेंगे।
कार्यशाला के संयोजक और गणित विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. भगवान कुमार ने बताया कि इस कार्यशाला में मुख्य अतिथि के तौर पर नालंदा खुला विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति और प्रसिद्ध गणितज्ञ प्रो. केसी सिन्हा तथा जयप्रकाश विश्वविद्यालय, छपरा के कुलपति प्रो. पीके बाजपेई शिरकत करेंगे।
मुख्य वक्ताओं में शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास, नई दिल्ली से वैदिक गणित के राष्ट्रीय समन्वयक डॉ. राम चौथीवाले, राष्ट्रीय सह-समन्वयक डॉ. राकेश भाटिया, डॉ. हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय, सागर (मध्य प्रदेश) के वैदिक स्टडीज विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. शिवानी खरे और डॉ. आयुष गुप्ता शामिल हैं। ये सभी विशेषज्ञ वैदिक गणित की अनूठी तकनीकों पर अपने महत्वपूर्ण व्याख्यान प्रस्तुत करेंगे, जिससे छात्रों को गणित को समझने और हल करने के नए तरीके मिलेंगे।
इस दौरान आर्गेनाइजिंग कमेटी के सदस्यों, जिनमें सह-समन्वयक डॉ. आलोक त्रिपाठी, डॉ. रजनीकांत पांडे, डॉ. नीरज कुमार मिश्रा, डॉ. मनोज कुमार सिंह, डॉ. ललित किशोर एवं डॉ. चंद्र किशोर झा उपस्थित थे, ने कार्यशाला को सफल बनाने के लिए अपनी प्रतिबद्धता जताई।
शादी का झांसा देकर पांच साल तक यौन शोषण, महिला ने दर्ज कराई FIR
मुजफ्फरपुर में हथियार के बल पर बाइक और नकदी लूटी, चार बदमाश गिरफ्तार
नवजात की मौत के बाद शव वाहन के लिए 4 घंटे भटकता रहा पिता, उपाधीक्षक के हस्तक्षेप से मिली मदद
मुजफ्फरपुर में टीबी उन्मूलन अभियान: 160 पंचायतों में घर-घर जाकर होगी जांच
