गलत वीजा पर सऊदी भेजे गए तीन युवक, चार लाख की ठगी, एक माह से फंसे
बाराबंकी जिले के कोठी थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां नौकरी का झांसा देकर एक जालसाज ने तीन युवकों को गलत वीजा पर सऊदी अरब भेज दिया। इन युवकों को एक महीने से अधिक का समय हो गया है और वे वहां फंसे हुए हैं। उन्हें विजिट वीजा पर भेजा गया था, जबकि नौकरी का वादा किया गया था।
जानकारी के अनुसार, हैदरगढ़ के लोहिया वार्ड निवासी रसूल बख्श ने अपने पुत्र नूर बक्श को सऊदी अरब में नौकरी दिलवाने के लिए कोठी निवासी मो. नसीम को 1.34 लाख रुपये दिए थे। नसीम ने नूर बक्श को 1300 रियाल मासिक वेतन का आश्वासन देते हुए कंपनी के वीजा पर भेजने का वादा किया था। इसी तरह, घोसियाना वार्ड के शकील ने अपने भाई मुहम्मद कफील के लिए मो. नसीम को 1.29 लाख रुपये और कुरैशी वार्ड के शमीम खां ने अपने पुत्र अरसलान खां के लिए 1.33 लाख रुपये का भुगतान किया था।
तीनों युवक सऊदी अरब पहुंचे, लेकिन वहां उन्हें नौकरी नहीं मिली। आरोप है कि उन्हें कंपनी के वीजा के बजाय सप्लायर वीजा पर भेजा गया, जिसके कारण उन्हें किसी भी कंपनी में काम करने की अनुमति नहीं मिली। अब वे वहां भुखमरी की कगार पर हैं और किसी भी तरह अपने घर लौटने की गुहार लगा रहे हैं।
पीड़ित युवकों के परिवारजनों ने बताया कि आरोपी नसीम से संपर्क करने की कोशिश करने पर वह कोई जवाब नहीं दे रहा है, बल्कि उल्टे धमकी दे रहा है। मंगलवार को तीनों पीड़ित परिवारजनों ने कोठी थाने में इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई है। कोठी कोतवाल अमित सिंह भदौरिया ने बताया कि शिकायत पर मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही उचित कार्रवाई की जाएगी।
