गाजीपुर में गौ-तस्करों से मुठभेड़: एक गिरफ्तार, साथी फरार
गाजीपुर में मंगलवार रात को स्वाट टीम और सुहवल थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। रजागंज क्षेत्र में गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गोवंश से भरा एक पिकअप वाहन और दो बाइक सवार तस्कर गहमर की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई और संदिग्ध वाहन की तलाश शुरू कर दी।
कुछ देर बाद पुलिस को संदिग्ध वाहन दिखाई दिए, जिन्हें रोकने का इशारा किया गया। लेकिन बाइक सवार तस्करों ने पुलिस को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी और भागने का प्रयास किया। सूचना पर स्वाट और सुहवल थाना पुलिस की टीम ने तत्काल घेराबंदी की और कालूपुर मोड़ के पास पीछा करना शुरू किया।
खुद को घिरा देख बदमाशों ने एक बार फिर पुलिस पर गोली चलाई। आत्मरक्षा में पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक तस्कर के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। घायल तस्कर की पहचान नोनहरा निवासी सैफ के रूप में हुई है। सूत्रों के अनुसार, उसके खिलाफ विभिन्न जिलों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने मौके से घायल तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद हुई। वहीं, घायल तस्कर को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेवतीपुर भेजा गया।
इस मुठभेड़ में एक तस्कर गिरफ्तार हुआ, लेकिन उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में सफल रहा। पुलिस फरार तस्कर और गोवंश से भरे पिकअप वाहन की तलाश में जुटी हुई है। इस कार्रवाई में स्वाट प्रभारी रोहित कुमार मिश्रा और प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र पाण्डेय की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
