हल्द्वानी में 39 करोड़ का फ्रॉड, 8000 लोगों के पैसे डूबे; कमिश्नर ने दिए FIR के आदेश (Haldwani news)
हल्द्वानी में एक फाइनेंस कंपनी द्वारा हजारों लोगों को ठगने का बड़ा मामला सामने आया है। GMFX ग्लोबल लिमिटेड नामक इस कंपनी ने 8000 से अधिक निवेशकों से लगभग 39 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की है। कंपनी ने लोगों को 25 महीने में पैसा दोगुना करने का लालच दिया था, जिससे कई लोगों ने अपनी जीवन भर की गाढ़ी कमाई और कर्ज लेकर भी इसमें निवेश कर दिया।
यह मामला तब सामने आया जब कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत के कैंप कार्यालय में चल रही जनसुनवाई में कई पीड़ित शिकायत लेकर पहुंचे। पीड़ितों ने बताया कि कंपनी अब उनका मूलधन भी वापस नहीं कर रही है। एक शिकायतकर्ता ने बताया कि उसने बेटी की शादी के लिए रखे 5 लाख रुपये भी इसमें लगा दिए थे।
शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कमिश्नर दीपक रावत ने तत्काल कंपनी के सीईओ बिमल रावत को तलब किया। सीईओ कंपनी के घाटे में होने की बात कह रहे थे, लेकिन वह बैलेंस शीट या कोई अन्य दस्तावेज नहीं दिखा पाए। संदेह होने पर कमिश्नर सीधे डहारिया स्थित कंपनी के कार्यालय पहुंच गए।
जांच के दौरान पता चला कि कंपनी ने निवेशकों के पैसे से व्यक्तिगत रूप से जमीनें खरीदी हैं। कमिश्नर ने पाया कि सीईओ के खातों में केवल कुछ हजार रुपये ही थे। कंपनी के कर्मचारियों ने भी बताया कि उन्हें वेतन नहीं मिलता था, केवल इंसेंटिव दिया जाता था। कमिश्नर ने मल्टीलेवल मार्केटिंग, पिरामिड स्कीम्स और कंपनी एक्ट के उल्लंघन के आधार पर सीईओ के खिलाफ तत्काल प्राथमिकी दर्ज करने के निर्देश दिए हैं।
