गणतंत्र दिवस पर लखनऊ में किलेबंदी, 1300 से ज्यादा सुरक्षाकर्मी तैनात; रूट डायवर्जन लागू (Lucknow news)
गणतंत्र दिवस समारोह को लेकर राजधानी लखनऊ में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। समारोह स्थल को पूरी तरह से किलेबंद कर दिया गया है और चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए कुल 1343 सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है। पूरे क्षेत्र को तीन जोन और नौ सेक्टर में विभाजित किया गया है। सुरक्षा की जिम्मेदारी एटीएस, पीएसी, आर्म्ड क्यूआरटी और जिला पुलिस के जवानों को सौंपी गई है। बहुमंजिला इमारतों और संवेदनशील स्थानों पर रूफ-टाप ड्यूटी भी लगाई गई है।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर 24 घंटे ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। फील्ड डिप्लायमेंट के तहत तीन डीसीपी, पांच एडीसीपी, 14 एसीपी, 55 निरीक्षक, 322 दरोगा, 853 हेड कांस्टेबल और कांस्टेबल व 131 होमगार्ड की तैनाती की गई है। इसके अलावा बम निरोधक दस्ते, एंटी माइन टीम और फायर सर्विस भी मुस्तैद रहेगी।
गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर लखनऊ शहर तिरंगी रोशनी से जगमगा उठा। विधान भवन से लेकर शहर के बाहरी हिस्सों तक बड़ी इमारतों और मॉल पर विशेष सजावट की गई है। सुबह 10 बजे विधान भवन के समक्ष राष्ट्रध्वज फहराया जाएगा। ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ थीम पर आधारित विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम में असम, अरुणाचल प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार सहित अन्य राज्यों से आए 200 से अधिक कलाकार भाग लेंगे।
दिन ढलने के बाद विधान भवन पर विशेष लाइट एंड साउंड शो आकर्षण का केंद्र होगा। विधान भवन का गुम्बद किसी सिनेमा के परदे में बदल जाएगा। इस पर लेजर लाइटों से दृश्य और वीडियो दिखेंगे और पृष्ठभूमि पर यूपी के इतिहास और विशेषताओं के बारे में बताया जाएगा। यह आयोजन पहली बार हो रहा है।
गणतंत्र दिवस परेड को ध्यान में रखते हुए शहर में कई मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया है। सुबह छह बजे से चारबाग रेलवे स्टेशन के सामने (बालविद्या मन्दिर) के आस-पास ट्रैफिक संचालन प्रतिबंधित रहेगा। आलमबाग, मवैय्या की ओर से चारबाग जाने वाले वाहन लाटूश रोड, गुप्ता तिराहा, बांसमंडी चौराहा, कैसरबाग या रविन्द्रालय से दाहिने यू-टर्न कर मवैय्या, आलमबाग होकर जाएंगे। हजरतगंज चौराहा से रॉयल होटल (बापू भवन) चौराहा, विधानसभा मार्ग तक और नावेल्टी (लालबाग) चौराहा से कैपिटल तिराहा के बीच ट्रैफिक संचालन पर प्रतिबंध रहेगा।
