खाद्य सुरक्षा टीम की छापेमारी: कासगंज में पांच सैंपल भरे, दो बोरा कचरी सीज
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने होली के मद्देनजर कासगंज और सहावर में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने के लिए विशेष अभियान चलाया। इस अभियान के तहत टीम ने कासगंज शहर में विभिन्न दुकानों पर छापामार कार्रवाई करते हुए पांच खाद्य पदार्थों के सैंपल भरे हैं। इनमें कन्हैया स्वीट्स से सोहन पपड़ी और मोइन की दुकान से कचरी का सैंपल शामिल है।
किसरौली रोड पर रियाजुद्दीन की दुकान से दो बोरा रंगीन कचरी सीज की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1200 रुपये बताई गई है। अधिकारियों ने सीज की गई कचरी का भी एक सैंपल जांच के लिए भरा है। यह कार्रवाई आम जनता के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की गई है, ताकि मिलावटी या खराब गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थ बाजार में न बिक सकें।
इसके अतिरिक्त, सहावर कस्बे में मोबाइल फूड टेस्ट वैन के माध्यम से 24 खाद्य पदार्थों की त्वरित जांच की गई। इस जांच में दो खाद्य पदार्थ मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए, जिनके सैंपल भी भरे गए हैं। सहावर में पाल स्वीट्स से परवल स्वीट और नदीम ट्रेडर्स, अमांपुर से बेसन का सैंपल लिया गया है। सहायक आयुक्त खाद्य आनंद कुमार देव ने बताया कि सभी पांच सैंपल जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
