पटना जंक्शन पर कोहरे का कहर, 28 घंटे लेट हुई दरभंगा पूजा स्पेशल, कई Train Late
उत्तर भारत में घने कोहरे और खराब मौसम के चलते पटना जंक्शन पर रेल परिचालन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। लंबी दूरी की कई प्रमुख ट्रेनें अपने निर्धारित समय से घंटों देरी से पटना पहुंच रही हैं। सबसे अधिक प्रभावित होने वाली ट्रेनों में दरभंगा पूजा स्पेशल ट्रेन शामिल है, जो 28 घंटे 36 मिनट की भारी देरी से चल रही है। इससे यात्रियों को भीषण ठंड में प्लेटफार्मों पर लंबा इंतजार करना पड़ रहा है।
रेलवे सूत्रों के अनुसार, कोहरे के कारण दृश्यता कम होने से ट्रेनों की गति नियंत्रित रखनी पड़ रही है। पटना जंक्शन पर आने वाली अन्य प्रमुख विलंबित ट्रेनों में संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस और श्रमजीवी एक्सप्रेस करीब तीन-तीन घंटे की देरी से पहुंचीं। बिक्रमशिला और तेजस राजधानी एक्सप्रेस भी दो घंटे विलंबित रहीं। मगध एक्सप्रेस पांच घंटे, ब्रह्मपुत्र मेल (अप) तीन घंटे और ब्रह्मपुत्र मेल (डाउन) छह घंटे की देरी से चल रही है।
खराब मौसम के कारण उपासना एक्सप्रेस को रद कर दिया गया है। इसके अतिरिक्त, लगभग 20 अन्य ट्रेनें भी अपने निर्धारित समय से देरी से चल रही हैं। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य लें।
