शिमला-मनाली में सीजन की पहली बर्फबारी, Himachal weather अलर्ट जारी
हिमाचल प्रदेश में अचानक बदले मौसम ने पर्यटकों को खुशी दी है, वहीं स्थानीय लोगों के लिए कुछ मुश्किलें खड़ी कर दी हैं। शिमला और मनाली जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों पर इस सीजन की पहली बर्फबारी हुई है, जिससे चारों ओर सफेद चादर बिछ गई है। वहीं, कांगड़ा और चंबा जिलों में लगातार बारिश जारी है, जिसके चलते कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है। तेज हवाओं के साथ हुई इस बर्फबारी और बारिश ने जनजीवन को प्रभावित किया है।
मौसम विभाग ने आगामी दिनों के लिए ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है। लाहुल स्पीति, चंबा और कुल्लू जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने और भारी हिमपात की आशंका जताई गई है। मंडी, कांगड़ा, हमीरपुर, बिलासपुर और सोलन जैसे जिलों में भी आंधी के साथ ओलावृष्टि और वर्षा की चेतावनी है। शिमला शहर, मनाली, कुफरी, नारकंडा और सोलंग वैली में भी हिमपात की संभावना है।
प्रदेश में दिन के तापमान में बढ़ोतरी देखी गई है, लेकिन शाम के समय मौसम में आए बदलाव ने ठंडक बढ़ा दी है। न्यूनतम तापमान में भी कुछ अंतर आया है। मौसम विभाग के अनुसार, 26 और 27 जनवरी को भारी हिमपात और वर्षा की संभावना है, जबकि 24 जनवरी को हल्की वर्षा और हिमपात हो सकता है।
पर्यटन नगरी मनाली और लाहुल स्पीति में वीरवार को दिनभर धूप खिली रही, लेकिन रात होते ही मौसम ने करवट ली और चोटियों पर हिमपात शुरू हो गया। पर्यटकों के लिए यह मौसम एक रोमांचक अनुभव लेकर आया है, जो बर्फ में अठखेलियां करने के लिए शिंकुला जैसे पर्यटन स्थलों पर पहुंच रहे हैं।
