फिरोजाबाद: पुलिस मुठभेड़ में ई-रिक्शा चोर घायल, पैर में लगी गोली; 20 मुकदमों में था वांछित
फिरोजाबाद में पुलिस ने ई-रिक्शा चोर गिरोह के एक सदस्य को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। घटना शनिवार रात की है जब थाना उत्तर पुलिस को सूचना मिली कि चोरी का ई-रिक्शा बेचने के लिए कुछ बदमाश बेंदी की पुलिया के पास आए हैं। पुलिस ने घेराबंदी की तो बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से शिवा उर्फ भूरा उर्फ अजय नामक बदमाश घायल हो गया। उसके पैर में गोली लगी और वह गिर पड़ा।
पकड़े गए आरोपी शिवा उर्फ भूरा पर विभिन्न थानों में चोरी, गैंगस्टर समेत 20 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में सफल रहे। पुलिस ने घायल बदमाश को उपचार के लिए सरकारी ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया है और फरार साथियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी का ई-रिक्शा और अवैध तमंचा बरामद किया है। यह ई-रिक्शा 2 दिसंबर को चुराया गया था।
